40 खबरें फटाफटडीगराजस्थान

डीग: बड़ेसरा में जुड़वां भाइयों की हत्या का मामला: मां हिरासत में, पुलिस को प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच का शक

घर में हत्या कर 200 मीटर दूर बाजरे की पुंज में छिपाए थे दोनों बच्चों के शव, एसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची; एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जुटाए साक्ष्य

डीग/बड़ेसरा। डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के बड़ेसरा गांव में 13 वर्षीय जुड़वां भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पुलिस ने दोनों बच्चों की हत्या के संदेह में उनकी मां को हिरासत में लिया है। मंगलवार सुबह घर के पास एक प्लॉट में ज्वार-बाजरे की पुंज के पास दोनों भाइयों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की।

घर में हत्या कर शव पुंज में छिपाने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों बच्चों की हत्या कथित तौर पर घर के अंदर धारदार हथियार से की गई। इसके बाद शवों को घर से करीब 200 मीटर दूर ले जाकर ज्वार-बाजरे की पुंज में छिपाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला ने परिजनों और ग्रामीणों के सामने अनजान होने का व्यवहार किया। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर महिला से पूछताछ की जा रही है।

एसपी के नेतृत्व में जुटाए साक्ष्य

दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर वारदात का खुलासा करने में जुटी है।

पति की मौत के बाद मायके में रह रही थी महिला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और वह करीब आठ साल से अपने मायके में रह रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस की जांच जारी: दोनों बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार, हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button