ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
@पुलिस दर्पण राजस्थान

रूपवास (भरतपुर। कस्बे के भरतपुर मार्ग स्थित खानुआं गांव के निकट बुधवार देर शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में दोनों युवकों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतकों के परिवारों में हाहाकार मच गया।
बुधवार शाम बाइक सवार उदयराम पुत्र चन्द्रशेखर एवं जयपाल पुत्र बबलू निवासी बिनउआ अपनी भूआ को छोड़कर आ रहे थे। इसी दौरान खानुआं गांव के निकट एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर गहनौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को रूपवास उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उदयराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जयपाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया गया।
भरतपुर पहुंचने पर उपचार के दौरान देर रात जयपाल ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार सड़क दुर्घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि उदयराम की शादी 6 महीने पहले हुई थी।




