जलभराव की समस्या पर एक्शन में विधायक नौक्षम चौधरी: बरसात के बीच किया पहाड़ी क्षेत्र का दौरा
तत्काल जल निकासी के निर्देशकलेक्टर और एसडीएम सहित प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद, लापरवाही बरतने पर दी सख्त हिदायत

ब्यूरो चीफ राकिब खांन
डीग।पहाड़ी: लगातार हो रही भारी बरसात के कारण डीग जिले के विभिन्न रिहायशी इलाकों और मुख्य मार्गों पर जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। आमजन को हो रही इस परेशानी को देखते हुए स्थानीय विधायक नौक्षम चौधरी शुक्रवार को खुद ग्राउंड जीरो पर उतरीं। उन्होंने भारी बारिश के बीच प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा कर हालातों का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
विधायक नौक्षम चौधरी ने कस्बे के मुख्य गंगोरा रोड और कठोल रोड सहित जलभराव से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का पैदल निरीक्षण किया। सड़कों पर जमा पानी और प्रशासनिक सुस्ती को देख उन्होंने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “बरसात के इस मौसम में आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जल निकासी के लिए जितने भी आवश्यक संसाधन (पंपिंग सेट आदि) चाहिए, उनका तुरंत इस्तेमाल किया जाए।”
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक नौक्षम चौधरी ने केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि खुद मौके पर मुस्तैद खड़ी रहीं और अपनी देखरेख में ड्रेनेज (जल निकासी) का कार्य शुरू कराया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कहीं से भी जलभराव या ड्रेनेज चोक होने की शिकायत आती है, तो उसका तुरंत समाधान होना चाहिए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ जिले और तहसील के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से जिला कलेक्टर मनीष मयंक, एसडीएम जोगेंद्र गुर्जर, नगर पालिका पहाड़ी के ईओ राजकुमार खेड़लवाल, तहसीलदार धर्म सिंह और थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह शामिल थे। इसके अलावा पूर्व सरपंच विक्की गुर्जर, एडवोकेट प्रमोद शर्मा, पूर्व सरपंच डालचंद गुप्ता (गोपालगढ़), सरपंच राजमल छपरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।




