सात सूत्रीय मांगों को लेकर पटवार संघ ने सौंपा ज्ञापन, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

- भरतपुर।रूपवास: राजस्थान पटवार संघ उप शाखा रूपवास ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार को कार्यवाहक उपखंड अधिकारी जितेंद्र सिंह को राजस्व निबंधक अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। पटवार संघ अध्यक्ष कुमार सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
पटवार संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि संघ की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। इसके बावजूद मांगों के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पटवारियों में असंतोष है। संघ ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द से जल्द उनका निराकरण कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पटवार संघ पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संघ की ओर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन के प्रथम चरण में पटवारी काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद संबंधित परिपत्र की होली जलाकर विरोध जताया जाएगा तथा मांगें पूरी नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पटवार संघ ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं अधिकारियों की होगी। संघ ने राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों एवं पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सात सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
इस दौरान पटवार संघ के पदाधिकारियों एवं पटवारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता जताते हुए प्रशासन से मांगों का जल्द समाधान कराने की अपील की। इस अवसर पर पटवारी मंगल सिंह, रवि कुमार, हरेन्द्र, कृष्णा, मनोज, मनीष आदि मौजूद थे।




