40 खबरें फटाफटअलवरकरोलीडीगदौसाधौलपुरबुलेटिन समाचारब्रेकिंग न्यूज़भरतपुरराजनैतिकराजस्थानसवाईमाधोपुर

जिला प्रमुख चुनाव परिणाम: भरतपुर, सवाई माधोपुर और धौलपुर में कांग्रेस का कब्जा, डीग में भाजपा की जीत

@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल

CM भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में भाजपा को झटका लगा है, कांग्रेस की रानू वाला जिला प्रमुख बनीं

भरतपुर (राजस्थान): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे ने भाजपा को सियासी झटका दिया है. यहां कांग्रेस ने बहुमत के आंकड़े को पार करते हुए जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. वहीं, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के गृह जिले डीग में भाजपा ने अपनी ताकत दिखाते हुए जीत दर्ज की है. भरतपुर में कांग्रेस की रानू वाला 17 वोट लेकर जिला प्रमुख बनीं, जबकि डीग में भाजपा की रेनू सिंह को 22 मत मिले. वहीं, धौलपुर में एक वोट से कांग्रेस को जीत मिली।

भरतपुर जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिला परिषद के 31 सदस्यों में से सभी ने मतदान किया. कांग्रेस प्रत्याशी रानू वाला को 17 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 14 मत पड़े. इस तरह कांग्रेस ने तीन मतों के अंतर से जीत दर्ज की. वार्ड संख्या 18 से जिला परिषद सदस्य चुनी गईं रानू वाला को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी मिली है।

देर तक मतदान शुरू नहीं होने पर हंगामा:

भरतपुर में जिला प्रमुख चुनाव के दौरान मतदान शुरू होने में देरी ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया. मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं होने से कांग्रेस खेमे में नाराजगी फैल गई. जिला परिषद के बाहर कांग्रेस समर्थकों ने हंगामा किया और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने भी मतदान में देरी को लेकर नाराजगी जताई. उन्होंने इसे प्रशासन की लापरवाही बताते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी के सामने शिकायत दर्ज कराई. सांसद के मुताबिक प्रशासन की ओर से मतदान शुरू नहीं होने की वजह भाजपा के पोलिंग एजेंट का नहीं पहुंचना बताई गई थी. बाद में दोनों पक्षों के एजेंट पहुंचने पर मतदान शुरू कराया गया।

सांसद जाटव ने चुनाव परिणाम को कांग्रेस की जीत बताते हुए दावा किया कि जिला परिषद के तीन विजयी सदस्य भाजपा में चले गए और उन्होंने अपना ईमान बेच दिया. जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद रानू वाला ने जीत को पार्टी की सफलता बताया. इस दौरान सांसद भजनलाल जाटव ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख के लिए सरकारी गाड़ी और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई, हालांकि उन्हें मौके पर यह सुविधा नहीं मिल सकी।

डीग में भाजपा की रेनू सिंह को मिले 22 वोट:

दूसरी ओर, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के गृह जिले डीग में भाजपा ने जिला प्रमुख पद पर जीत हासिल की. पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद डीग के प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह निर्वाचित हुईं. जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि कुल 29 मत डाले गए. भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह को 22 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुबीना के पक्ष में 7 मत पड़े. सभी मत वैध रहे और कोई मत निरस्त या निविदत्त नहीं हुआ. इस तरह भाजपा ने 15 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

दो गृह जिलों में दो अलग-अलग राजनीतिक संदेश:

भरतपुर और डीग के चुनाव परिणाम राजनीतिक रूप से अहम हैं. एक तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले में कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर भाजपा को चुनौती दी है, तो दूसरी तरफ गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के गृह जिले डीग में भाजपा अपना जिला प्रमुख बनाने में सफल रही. भरतपुर में कांग्रेस की जीत ने जहां पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा किया, वहीं डीग में भाजपा की जीत ने पार्टी को राहत दी है।

धौलपुर में एक वोट से जीती कांग्रेस: धौलपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की अनीशा सिंह जिला प्रमुख चुनी गई हैं. जिला परिषद के 29 वार्डों में कांग्रेस को 21 वार्डों पर जीत मिलकर प्रचंड बहुमत मिला था. भाजपा को पांच और बसपा को तीन वार्डों पर जीत मिली थी. चुनाव में कांग्रेस की तरफ से 6 वोटों की क्रॉस वोटिंग हुई है. अनीशा सिंह को 15 मत मिले हैं, वहीं पराजित निर्दलीय प्रत्याशी सोमवती को 14 मत प्राप्त हुए हैं।

जिला परिषद का चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के लिए जिले में प्रतिष्ठा का सवाल था. भाजपा की तरफ से बाड़ी के पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन सिंह बघेल कमान संभाल रहे थे. वहीं, कांग्रेस की तरफ से राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा और बसेड़ी विधायक संजय कुमार जाटव चुनावी मोर्चे पर थे. चुनाव से पूर्व काफी उठापटक देखने को मिली थी, जिसके आरोप राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने पुलिस प्रशासन और सरकार पर लगाए हैं. कांग्रेस की तरफ से 17 जीते हुए प्रत्याशी वोट डालने गए थे, इसके बावजूद क्रॉस वोटिंग हो गई और महज एक वोट से कांग्रेस को जीत मिली है।

रोहित बोहरा बोले- वोटों की हुई चोरी:

इस दौरान राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा ने कहा, “कांग्रेस पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस के लोगों ने ही कसर नहीं छोड़ी है. जनता ने जो मैंडेट दिया है, उसको कांग्रेस ने पूरा किया है. जिन लोगों ने दगाबाजी की है, उनको भगवान ने जवाब दिया है. कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है और छठी बार राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से जिला प्रमुख चुना गया है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पुलिस और प्रशासन के माध्यम से रेड मारकर खूब परेशान किया है. पुलिस होटल पहुंची और कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारा. पुलिस जो कर सकती थी, वह उसने किया और चुनाव में दमनकारी नीति अपनाई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि “मोदी जी चोरी करते हैं, इसलिए हमारे यहां भी वोट चोरी हुई है.”

सवाई माधोपुर में कांग्रेस की आशा बैरवा बनीं जिला प्रमुख:

सवाई माधोपुर में कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई. वार्ड संख्या 15 से कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद सदस्य चुनी गईं आशा बैरवा को निर्विरोध जिला प्रमुख घोषित किया गया. वह खंडार के पूर्व विधायक अशोक बैरवा की पत्नी हैं. जिला परिषद की 31 सीटों में से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को चार और एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी को सफलता मिली थी. भाजपा के चारों विजयी सदस्यों में अनुसूचित जाति वर्ग का कोई प्रत्याशी नहीं होने के कारण पार्टी ने जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया.आशा बैरवा के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी का नामांकन नहीं आने पर जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button