चंद्रशेखर आजाद द्वारा पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर। जिले के वैर क्षेत्र से 15 महीनों से लापता प्रहलाद बैरवा को ढूंढने की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे पीड़ित परिजनों से भीम आर्मी चीफ एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की गई है। चंद्रशेखर आजाद द्वारा पीड़ित परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है। गौरतलब है कि वैर (भरतपुर) निवासी प्रहलाद बैरवा पिछले 15 महीनों से लापता है, जिसका पुलिस अब तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। 
पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर पीड़ित परिवार पिछले एक सप्ताह से जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठा है। भीम आर्मी चीफ और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों से संवाद किया और उनका हौसला बढ़ाया है। चंद्रशेखर आजाद ने इस मामले को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही लापता युवक का पता नहीं लगाया गया, तो भीम आर्मी भरतपुर में बड़ा आंदोलन करेगी। उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्ट्रेट के बाहर बैठे परिजनों ने न्याय मिलने तक अपना धरना जारी रखने का ऐलान किया है।





