घर के आगे खड़ा होने से रोका तो युवक ने महिला को मारी गोली, मौत; आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार
पुलिस दर्पण राजस्थान
डीग। जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में सोमवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के आगे खड़ा होने से रोकने पर नाराज एक युवक ने 60 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गीता देवी खेत से चारा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के सामने खड़े होने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी युवक ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जनूथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात में प्रयुक्त हथियार सहित हिरासत में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।




