
भरतपुर।बयाना: सामाजिक संस्था अपनाघर सेवा समिति ने शनिवार देर रात बयाना कस्बे में भटक रही एक असहाय एवं अर्धविक्षिप्त महिला का रेस्क्यू कर उसे पुनर्वास के लिए अपनाघर आश्रम भरतपुर भेज दिया।
समिति के संरक्षक अनिल जैन ने बताया कि सुभाष चौक और पंचायत समिति क्षेत्र में एक महिला के लावारिस हालत में घूमने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही संस्था की महिला सेवा साथियों ने मौके पर पहुंचकर महिला को संरक्षण में लिया और उसकी देखभाल की।
उत्तर प्रदेश निवासी महिला को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के बाद देर रात सम्मानजनक पुनर्वास के लिए अपनाघर आश्रम भरतपुर भेज दिया गया। संस्था की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।




