15 महीनों से प्रह्लाद बैरवा का कोई सुराग नहीं मिलने से गुस्साए परिजनों एवं आमजनों द्वारा भरतपुर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन
लापता प्रह्लाद बैरवा की पत्नी पूनम बाई बैरवा अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं
संपादक@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल
भरतपुर।वैर: क्षेत्र के नगला हरिहर गांव निवासी प्रह्लाद बैरवा की गुमशुदगी के मामले को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। पिछले 15 महीनों से प्रह्लाद बैरवा का कोई सुराग नहीं मिलने से गुस्साए परिजनों एवं आमजनों द्वारा भरतपुर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। शहर के बिजली घर चौराहे से जिला कलेक्ट्रेट तक निकाले गए इस विरोध मार्च के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्राप्त जानकारी अनुसार प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय बेहद गमगीन और संवेदनशील हो गया, जब लापता प्रह्लाद बैरवा की पत्नी पूनम बाई बैरवा “पति चाहे जिंदा मिले या मुर्दा, बस सच बता दो” कहते हुए अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। पूनम को बेहोश देख प्रदर्शनकारियों और परिजनों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत उनके चेहरे पर पानी के छींटे मारे और हवा देकर उन्हें होश में लाने का प्रयास किया गया।
परिजनों और आमजनों द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत करदी गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक प्रह्लाद बैरवा का कोई ठोस सुराग नहीं मिलता या प्रशासन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं करता तब तक यह धरना समाप्त नहीं होगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान तबियत बिगड़ने पर पूनम बैरवा को एंबुलेंस की मदद से आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया।



