दुकानों के शटर तोड़कर चोरी करने वाला शातिर नकबजन गिरफ्तार
डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा के निर्देशन में पुलिस थाना मुहाना की बड़ी कार्रवाई, 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया

टोंक/जयपुर । ( ब्यूरो चीफ प्रिया गौत्तम ) जयपुर पुलिस उपायुक्त दक्षिण डीसीपी राजर्षि राज वर्मा के निर्देशन में पुलिस थाना मुहाना ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 13 अगस्त गुरुवार को एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी व नकबजनी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को मुहाना मंडी गेट नंबर-1 स्थित मनी ट्रांसफर की दुकान का आधा शटर नीचे कर दुकान मालिक किसी आवश्यक कार्य से बाहर गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर दुकान में घुसकर करीब 20 हजार रुपये चोरी कर ले गए। इस संबंध में पुलिस थाना मुहाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही चालानशुदा एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने लगातार तलाश और पतारसी के बाद सुरेन्द्र ज्योतिषि उर्फ सोनू (26) निवासी कुम्हारों का मोहल्ला, मोजमाबाद को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
सुरेन्द्र ज्योतिषि उर्फ सोनू पुत्र स्व. दुर्योधन (26) जाति डाकोत ब्राह्मण, निवासी कुम्हारों का मोहल्ला वार्ड नंबर 09, मोजमाबाद, जयपुर।
पुलिस टीम: थानाधिकारी मुकेश कुमार खारडिया के नेतृत्व में कानसिंह, भंवरलाल, ओमप्रकाश, दामोदर, लादूराम, सचिन सहित तकनीकी शाखा के लोकेश व रामसिंह शामिल रहे।




