रेंजर को मिली धमकी,अवैध खनन माफियाओं द्वारा धमकी भरा पत्र भेजने का मामला
संपादक@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल

डीग।कामां: क्षेत्र में वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) सत्यवीर धोरवाल को अवैध खनन माफियाओं द्वारा धमकी भरा पत्र भेजने का मामला सामने आया है। रेंजर सत्यवीर धोरवाल ने कहा है कि वह इस तरह की गीदड़ भभकियों और धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ उनका अभियान और कानूनी कार्यवाहियां इसी तरह लगातार जारी रहेंगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार अवैध खनन के खिलाफ लगातार हो रही सख्त कार्रवाइयों से बौखलाए खनन माफियाओं ने अब सीधे अधिकारी को निशाना बनाने की कोशिश की है। रेंजर सत्यवीर धोरवाल को उनके किराए के निवास स्थान पर एक धमकी भरा संदेश पत्र मिला था। माफियाओं ने पत्र में सीधे तौर पर रेंजर को चेतावनी देते हुए लिखा है कि “ओ रेंजर हमारा ट्रैक्टर छोड़ दे नहीं तो तेरे घर पर हमला कर देंगे”।
गौरतलब है कि कामां वन विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन में लिप्त वाहनों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है तथा जब्त किए गए ट्रैक्टर को छुड़ाने के लिए माफिया अब डराने-धमकाने पर उतर आए हैं। पुलिस और प्रशासन को भी मामले से सूचित किया है ताकि राजकार्य में बाधा डालने और अधिकारी को धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।




