पूर्व विधायक के भाई की पत्थर के नीचे दबने से मौत, खेत की बाड़ेबंदी हटाने के दौरान हुआ हादसा
संपादक@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल

भरतपुर।रूपवास: उपखण्ड क्षेत्र के गांव बसई में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खेत की बाड़ेबंदी हटाने के दौरान एक बड़ा पत्थर गिरने से पूर्व विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल के छोटे भाई की दर्दनाक मौत हो गई। रुदावल थाने के एएसआई भरतलाल ने बताया कि बयाना – रूपवास विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक बच्चूसिंह बंशीवाल के छोटे भाई गांव बसई निवासी कमलसिंह (42) उर्फ कमलू पुत्र कंचनसिंह जाटव अपने खेत की बाड़ेबंदी में लगे पत्थरों को हटा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भारी-भरकम पत्थर असंतुलित होकर उनके ऊपर गिर गया। पत्थर इतना बड़ा और वजनी था कि कमलसिंह उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद पत्थर को हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटें आने के कारण कमलसिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इस दुखद घटना के बाद पूर्व विधायक के निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है।





