भरतपुर।रूपवास: नगरपालिका के वार्ड 16 के लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर वार्ड में पाइप लाइन बिछाने की मांग को लेकर उपखण्ड अधिकारी विष्णु बंसल के नाम का ज्ञापन दिया है। गंगा मन्दिर कॉलोनी के वार्ड 16 के लोगों ने वार्ड में पानी की पाइपलाइन बिछवाने के लिए उपखण्ड अधिकारी को दिए ज्ञापन में लिखा कि विधायक निधि से नगरपालिका के वार्ड 16, 17, 18 में 8.6 किलोमीटर पेयजल पाइप लाइन मंजूर की गई। उसके बावजूद जलदाय विभाग की उदासीनता के कारण संवेदक मात्र 17 व 18 वार्ड में ही पाइप लाइन बिछा रहा है। अगर वार्ड 16 में पाइप लाइन नहीं बिछाई गई तो मजबूरन धरना प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ेगा। इस अवसर पर छिद्दी पांचाल, नरेश शर्मा, हेमन्त गोयल, मनीष सेजवाल, विजय परमार, हेतराम सेन, नन्दराम सेजवाल, अमित शर्मा, भोला राजावत आदि मौजूद रहे।




