कामां थाने के चार पुलिसकर्मी निलंबित, अवैध खनन में संलिप्तता का आरोप
पुलिस दर्पण राजस्थान
डीग। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए कामां थाने में तैनात चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
रविवार देर रात जारी आदेश के अनुसार, एएसआई पूरन सिंह, कांस्टेबल चंद्रशेखर, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल प्रशांत को अवैध खनन में कथित संलिप्तता के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रहा है। अवैध खनन को संरक्षण देने या किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




