40 खबरें फटाफटटोंकराजस्थान

जिलेभर के युवाओं ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

"नशा मुक्त युवा – विकसित भारत @2047" के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. करतार सिंह मीणा

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विजेता हुए चयनित

टोंक । ( ब्यूरो चीफ प्रिया गौत्तम ) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत @2047” अभियान के अंतर्गत 28 जुलाई मंगलवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोहना, टोंक में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। जिलेभर से आए विद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. करतार सिंह मीणा, उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, टोंक ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं जनसमूह को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। जिला युवा अधिकारी संतोष चौहान ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत @2047 की सबसे बड़ी शक्ति हैं।” उन्होंने युवाओं से अपनी रचनात्मक प्रतिभा को सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लोकगीत (गायन), नृत्य, माइम/नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री सहित आठ विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक प्रस्तुति में नशे के दुष्परिणामों, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत के संकल्प को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। प्रत्येक विधा के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टोंक जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रथम स्थान प्राप्त विजेता इस प्रकार रहे—
लोकगीत (गायन): अर्चित एंड ग्रुप , नृत्य: प्रियंका एंड ग्रुप , माइम/नुक्कड़ नाटक: अंजलि जैन एंड टीम , शॉर्ट फिल्म/रील: अदनान खान सी चित्रकला: शिवांगी सोनी , वाद-विवाद: रिद्धि मिश्रा , स्लोगन लेखन: कोमल कुमारी प्रजापत
स्लैम पोएट्री: तमन्ना गौतम रही कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन लेखा एवं कार्यक्रम सहायक रोहिल कट्टा ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत स्वयंसेवकों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, शिक्षण संस्थानों का उल्लेखनीय योगदान रहा। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने “नशा मुक्त भारत – विकसित भारत” के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रहित के संदेश के साथ संपन्न हुआ तथा विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button