छात्रवृत्ति व ओपन शिक्षा फॉर्म को लेकर फुल्लाबास में ग्रामीणों की बैठक आयोजित
ब्यूरो चीफ मोहम्मद कासिम

खैरथल-तिजारा। मेवात शिक्षा एवं विकास संस्थान (एमिड), अलवर की ओर से ग्राम पंचायत फुल्लाबास में छात्रवृत्ति एवं ओपन शिक्षा के फॉर्म भरने को लेकर ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्था की ओर से ग्रामीणों को शिक्षा संबंधी योजनाओं एवं फॉर्म भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
मेवात शिक्षा एवं विकास संस्थान के डायरेक्टर नूर मोहम्मद निवासी खानपुर मेवान, तहसील किशनगढ़, जिला अलवर द्वारा क्षेत्र में लंबे समय से जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों एवं बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है।
संस्था द्वारा गांव-गांव में निःशुल्क शिक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। संस्था का प्रयास है कि बेटियां शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें। जरूरतमंद विद्यार्थी घर बैठे भी शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसके लिए ओपन शिक्षा की सुविधा के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है।
फुल्लाबास गांव में आयोजित बैठक में एमिड संस्था की स्टाफ सदस्य साईस्ता एवं सुष्मा ने ग्रामीणों को छात्रवृत्ति एवं ओपन शिक्षा के फॉर्म भरने सहित आवश्यक जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर गांव के भावी सरपंच ईसराइल उर्फ ईसा खान फुल्लाबास, हाजी मूसा, रोहतास, संतराम, मौसम दीन, मोहम्मद कालू खां, आसू खां सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए एमिड संस्था के डायरेक्टर नूर मोहम्मद का आभार व्यक्त किया।




