

भरतपुर। जिले की तहसील उच्चैन के पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत बारह माफी के ग्राम हीरापुर जाटव बस्ती के ग्रामीणों की ओर से समाजसेवी अमित कुमार उंदेरिया का स्वागत किया गया। इस दौरान उंदेरिया ने चौपाल लगाकर गांव और बस्ती के लोगों की समस्याओं को सुना तथा उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी भूमि और राजस्व से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत बारहमाफी के गांव हीरापुर, नगला सीर और हरीनगर तीनों गांवों को राजस्व ग्राम घोषित किया जाए। जिससे राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा मिलने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ क्षेत्र के लोगों को मिल सके। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों ने सरकार से इन गांव के विरासत के दाखिला खोलने, बेदखल काश्तकारों को बहाल करने की मांग की गई। समाजसेवी उंदेरिया ने इन सभी जायज मांगों को प्रशासन और सरकार के उच्च स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर हीरापुर, नगला सीर और हरीनगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और बस्ती के प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे।





