राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए विस्तृत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के लिए विस्तृत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसके तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया अक्टूबर और नवंबर महीने में संपन्न होगी। जिला परिषद के सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अधिसूचना 08 अक्टूबर 2026 को जारी होगी जहां नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर, जांच 14 अक्टूबर और नाम वापसी व प्रतीक आवंटन 15 अक्टूबर को किया जाएगा। पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान प्रक्रिया को चार अलग-अलग चरणों में विभाजित किया गया है जिसमें प्रथम चरण की शुरुआत 08 अक्टूबर को जिला परिषद के साथ ही होगी, जबकि द्वितीय चरण की अधिसूचना 13 अक्टूबर (नामांकन 16 अक्टूबर तक), तृतीय चरण की अधिसूचना 19 अक्टूबर (नामांकन 23 अक्टूबर तक) और चतुर्थ चरण की अधिसूचना 31 अक्टूबर 2026 को जारी होगी, जिसके लिए प्रत्याशी 04 नवंबर 2026 तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। प्रत्येक चरण में नामांकन की अंतिम तिथि के अगले दिन पत्रों की जांच की जाएगी एवं उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही पंच, सरपंच, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चार चरणों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पंच और सरपंच पद के लिए पहले चरण का मतदान 25 अक्टूबर, दूसरे चरण का 31 अक्टूबर, तीसरे चरण का 6 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 16 नवंबर 2026 को सुबह 7:00 से शाम 6:00 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कर अगले दिन क्रमश: 26 अक्टूबर, 1 नवंबर, 7 नवंबर और 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव करवाया जाएगा तथा इसी तरह जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चारों चरणों का मतदान क्रमश: 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को सुबह 7:00 से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पंचायत चुनाव में इन सभी चरणों के जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से होगी, जिसके बाद उच्च पदों के लिए 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव संपन्न कराया जाएगा।




