पुरानी अनाज मंडी में जर्जर बिजली का पोल टूटा, बड़ा हादसा होने की संभावना

पुलिस दर्पण राजस्थान/ लखमी चन्द बंशीवाल
रूपवास/भरतपुर/राजस्थान
कस्बे के धौलपुर रोड स्थित पुरानी अनाज मंडी में पंजाब नेशनल बैंक के सामने आटा चक्की की दुकान के पास जर्जर हालत में खड़ा बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। गनीमत रही कि पोल जमीन पर नहीं गिरा, अन्यथा व्यस्त बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त हालत में था। इसके बावजूद पोल को बदलने अथवा दुरुस्त करने की दिशा में अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पुरानी अनाज मंडी का यह हिस्सा काफी व्यस्त क्षेत्र है। आसपास कई दुकानें होने के कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है।
ऐसे में यदि क्षतिग्रस्त पोल अचानक जमीन पर गिर जाता, तो राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि धौलपुर रोड स्थित पुरानी अनाज मंडी में क्षतिग्रस्त बिजली पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।




