वार्ड 15 को एससी से ओबीसी किए जाने के विरोध में वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल
भरतपुर।रूपवास : नगरपालिका के वार्ड नंबर 15 को अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) किए जाने के विरोध में वार्डवासियों ने कार्यवाहक उपखंड अधिकारी जितेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने प्रशासन से वार्ड 15 को पूर्व की तरह एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड नंबर 15 में अनुसूचित जाति वर्ग की आबादी 99.99 प्रतिशत है, जबकि अन्य वर्गों की आबादी मात्र 0.01 प्रतिशत बताई गई है। ऐसे में वार्ड की वास्तविक आबादी के अनुपात को देखते हुए वार्ड को एससी वर्ग से हटाकर ओबीसी वर्ग के लिए किए जाने का निर्णय उचित नहीं है।
वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड में अनुसूचित जाति वर्ग की अत्यधिक आबादी होने के बावजूद आरक्षण की श्रेणी में परिवर्तन किए जाने से स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से वार्ड की आबादी एवं संबंधित तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आरक्षण व्यवस्था की पुनः समीक्षा करने की मांग की।
वार्डवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि वार्ड नंबर 15 को पूर्व की आरक्षण व्यवस्था के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए ही आरक्षित रखा जाए, ताकि वार्ड की जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान वार्डवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई और वार्ड 15 को एससी वर्ग के लिए आरक्षित नहीं किया गया तो वार्ड के सभी सदस्य आगामी चुनाव में वोटों का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांग को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
वार्डवासियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड की आबादी एवं आरक्षण संबंधी तथ्यों की जांच कर उचित निर्णय लेने तथा वार्ड 15 को पुनः एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए जाने की मांग की है।




