कीचड़ और अतिक्रमण के जाल में बच्चों का भविष्य: पीपलू के अजीजपुरा में रास्ते पर कब्जे से सहमे मासूम, एडीएम से शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य
ब्यूरो चीफ प्रिया गौतम

टोंक । पीपलू उपखंड क्षेत्र के अजीजपुरा गांव में बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के सरकारी स्कूल जाने वाले मुख्य रास्ते पर दबंगों द्वारा अतिक्रमण कर लेने और जलभराव के कारण फैले गहरे कीचड़ ने मासूम बच्चों का स्कूल जाना दुश्वार कर दिया है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि कई बच्चे पढ़ाई छोड़कर घर बैठने को मजबूर हैं।
किसान नेता जाकिर ने मामले की गंभीरता उजागर करते हुए बताया कि रास्ते पर अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क का स्वरूप पूरी तरह बिगड़ चुका है। जगह-जगह पानी जमा होने से गहरा कीचड़ फैल गया है, जिससे होकर छोटे-छोटे बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना पड़ता है।
प्रशासन बेखबर, पढ़ाई छोड़ रहे बच्चे
किसान नेता जाकिर के अनुसार, इस जनसमस्या को लेकर एडीएम (अतिरिक्त जिला कलेक्टर) टोंक को भी अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके, जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अब तक धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रशासन की इस उदासीनता का सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है—अभिभावक हादसों के डर से बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं और कुछ मासूम स्कूल छोड़ने पर मजबूर हो चुके हैं।
ग्रामीणों और किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाकर इसे सुगम नहीं बनाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




