तीन दिवसीय अस्थि कलश यात्रा का समापन, आबापुरा में भव्य स्वागत एवं पाड़ला चौराहे पर सभा
संपादक@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल

बांसवाड़ा।भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पुरोधा स्वर्गीय श्रीपतराय दवे की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय अस्थि कलश यात्रा का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यात्रा के दौरान जिलेभर में कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने श्रद्धापूर्वक अस्थि कलश का पूजन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
यात्रा के अंतिम दिन आबापुरा में कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा पाड़ला चौराहे पर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने श्रीपतराय दवे के राष्ट्रवादी विचारों, संगठन निर्माण तथा बागड़ अंचल के विकास में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
जन्मशताब्दी वर्ष समारोह समिति के जिला संयोजक ओम पालीवाल के नेतृत्व में 25 से 27 जून तक जिलेभर में कलश यात्रा निकाली गई। बांसवाड़ा विधानसभा प्रभारी धनसिंह रावत ने कहा कि श्रीपतराय दवे का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समाज के प्रति समर्पित रहा तथा उनका व्यक्तित्व आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। रथ प्रभारी मधुसूदन व्यास ने कहा कि श्रीपतराय दवे का व्यक्तित्व एवं कृतित्व सदैव नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
इससे पूर्व कुशलगढ़ के टाउन हॉल में पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें भीमाभाई डामोर, कान्हेग रावत एवं प्रताप पटेल ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद छोटा डूंगरा के शिव मंदिर परिसर तथा सज्जनगढ़ के निकेतन परिसर में भी कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रीपतराय दवे को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर संयोजक रमेश पंवार, सहसंयोजक सुरेश पण्ड्या, राजेश कटारा, युगल उपाध्याय, सत्यनारायण मीणा सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
28 जून (रविवार) को अस्थि कलश अंतिम दर्शन हेतु कुशलबाग स्थित भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया।




