डीग पुलिस लाइन पहुंचे एडीजीपी दिनेश एम.एन..परेड की सलामी लेकर ,कानून-व्यवस्था की तैयारियों का लिया जायजा
साइबर क्राइम प्रदर्शनी का अवलोकन, गौ तस्करों की धरपकड़ का मॉक ड्रिल देखा, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन कर किया वृक्षारोपण

ब्यूरो चीफ:राकिब खांन
डीग। राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) दिनेश एम.एन. ने मंगलवार को डीग पुलिस लाइन का दौरा कर पुलिस व्यवस्था, संसाधनों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के नेतृत्व में आयोजित परेड की सलामी लेकर उन्होंने जवानों के अनुशासन, कार्यकुशलता और तत्परता का जायजा लिया।
बारिश के बीच आयोजित परेड में पुलिस जवानों ने अनुशासन और उत्साह का प्रदर्शन किया। एडीजीपी ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद डीग पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का अनुशासन और समर्पण ही जनता का विश्वास मजबूत करता है।

निरीक्षण के दौरान एडीजीपी ने गौ तस्करी की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों का भी परीक्षण किया। पुलिस टीम ने गौ तस्करों की धरपकड़ और कार्रवाई की प्रक्रिया का मॉक ड्रिल (डेमो) प्रस्तुत किया, जिसे एडीजीपी ने गंभीरता से देखा और टीम की तत्परता की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में साइबर ठगी के नए तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा डीग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी दी गई। एडीजीपी ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस बल को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है।
दौरे के दौरान एडीजीपी ने पुलिस लाइन स्थित आरआई कार्यालय, विविध स्टोर, शस्त्रागार, बैरक, पुलिस मैस और लाइब्रेरी सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं और रखरखाव की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में एडीजीपी ने पुलिस लाइन में स्थापित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में डिजिटल तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है और पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना बेहद जरूरी है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एडीजीपी दिनेश एम.एन. और पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले ने पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
दौरे के अंत में एडीजीपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संपर्क सभा आयोजित की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का मनोबल बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।





