भरथला में चोरों का खुला आतंक! किसानों के कुओं से तार-मोटर चोरी, दत्तवास थाना पुलिस की गश्त पर सवाल
ब्यूरो चीफ प्रिया गौतम

लगातार वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश, दत्तवास थाना पुलिस की कार्यशैली को लेकर उठ रहे गंभीर सवाल

टोंक । दत्तवास थाना क्षेत्र के गांव भरथला सहित अनेकों गाँवो में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों के कुओं से बिजली के तार और बोरवेल की मोटरें चोरी होने की घटनाओं के चलते ग्रामीणों में भारी रोष है। एक के बाद एक सामने आ रही चोरी की वारदातों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय चोर किसानों के खेतों और कुओं को निशाना बना रहे हैं। बिजली के तार और बोरवेल की मोटर चोरी होने से किसानों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों के सामने खेती को लेकर भी परेशानी खड़ी हो रही है।
दत्तवास पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल :-
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच दत्तवास पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं होने के कारण चोरों को वारदात करने का मौका मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दत्तवास पुलिस द्वारा संवेदनशील इलाकों में नियमित रात्रि गश्त की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए तो चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
दत्तवास थानाधिकारी की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी :- दत्तवास थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने दत्तवास थाना अधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं । ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है । ग्रामीणों का सवाल है कि यदि किसानों के खेत और कुएं ही सुरक्षित नहीं हैं तो आखिर उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग:-
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि भरथला एवं आसपास के गांवों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए, चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच की जाए तथा वारदातों में शामिल आरोपियों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद अब ग्रामीणों की निगाहें दत्तवास थाना पुलिस और जिला पुलिस अधिकारियों पर टिकी हैं। देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन घटनाओं को कितनी गंभीरता से लेता है और किसानों को राहत दिलाने के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाता है ।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है :- चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया गया तो उनका आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है।




