अच्छी और संस्कारित शिक्षा के लिए बदली शिक्षा नीति, आलोचनाओं की परवाह नहीं की : मदन दिलाव
खटीक समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में 300 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

टोंक। ( प्रिया गौत्तम ) खटीक समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह टोंक में राज्य के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण और मानवीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। दिलावर ने कहा कि इन सुधारों को लेकर आलोचनाएं और गालियां भी सुननी पड़ीं, लेकिन सरकार ने भविष्य की पीढ़ी के हितों से कोई समझौता नहीं किया। दिलावर रविवार को टोंक के पहाडिय़ा मैरिज गार्डन में खटीक समाज अधिकारी-कर्मचारी समिति द्वारा आयोजित षष्ठम जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। केबिनेट मंत्री दिलावर ने कहा कि समाज के संपन्न लोगों को आगे आकर गरीब और निराश्रित बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना चाहिए, ताकि हर बच्चे को शिक्षा के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से भी समाज के जरूरतमंद बच्चों को आगे बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कारों का विकास भी आवश्यक है। शिक्षा प्रणाली में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकारी शिक्षा नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी अब निजी स्कूलों के छात्रों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की। मंत्री ने विद्यालयों में गुटखा सेवन पर प्रतिबंध, समय की पाबंदी और अनुशासन जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा देने के लिए पहले स्वयं को अनुशासित बनाना होगा। पंचायती राज विभाग पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। यदि किसी स्तर पर राशि का दुरुपयोग पाया गया तो संबंधित अधिकारी से पूरी राशि की वसूली की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल नोटिस या निलंबन पर्याप्त नहीं होगा।

समारोह की अध्यक्षता राज्य के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रतिभाओं का सम्मान करना राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरियों के साथ निजी क्षेत्र में भी अवसर तलाशने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली 300 से अधिक प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान प्रसिद्ध कलाकार अशोक पहाडिय़ा ने भंवई नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, भाजपा जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, पूर्व सभापति लक्ष्मी देवी जैन, नरेश बंसल, नमिता सोलंकी, सत्यनारायण चंदेल, सत्यनारायण दायमा, राधेश्याम जगरवाल, सीईओ नंदकिशोर राजोरा बोली , पूर्व प्रधान राजेश नागोरा, समाजसेवी विजेंद्र परेवा मुहाना , मानसी कैलाश सांखला, सरपंच प्रतिनिधि विनोद सांखला बड़ागाँव, मोतीलाल पहाडिय़ा, रामकिशोर चावला, संयोजक लालचंद बागड़ी, अध्यक्ष छोटूलाल चंदेल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और समाज के लोग उपस्थित रहे।





