40 खबरें फटाफटबीकानेरराजस्थान

हार्ट अटैक से पिता की मौत के बाद 22 वर्षीय बेटी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी, खेत में बने तालाब में कूदकर दी जान

पिता और बेटी का एक साथ किया अंतिम संस्कार

बीकानेर । राजस्थान के बीकानेर जिले में एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। हार्ट अटैक से पिता की मौत के बाद उनकी 22 वर्षीय बेटी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और खेत में बने तालाब में कूदकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बज्जू थाना क्षेत्र के चक 3 बीजीएएम (ए) निवासी पतराम गोदारा सोमवार शाम अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे और वहीं रात में रुके थे। मंगलवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि वे मकान में अचेत अवस्था में पड़े हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, जब पतराम गोदारा का शव घर लाया गया तो उनकी बेटी ऋतु गोदारा (22) पिता की मौत का गहरा सदमा सहन नहीं कर सकी। वह घर के पास खेत में बने पोंड (तालाब) की ओर दौड़ी और उसमें छलांग लगा दी। घटना देख परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ऋतु ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पिता-पुत्री की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद पिता और बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव में एक साथ दो अर्थियां उठने का दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button