जोधपुरराजस्थान

रात 8 बजे बाद शराब बेचने पर 5 दुकानें सस्पेंड_ आबकारी इंस्पेक्टर एपीओ

जोधपुर : हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद आखिरकार जोधपुर का आबकारी विभाग नींद से जाग गया है. शहर में रात आठ बजे के बाद अवैध रूप से होने वाली शराब की बिक्री को रोकने के लिए विभाग ने बुधवार रात से एक बड़ा अभियान शुरू किया है. इस कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन कर देर रात तक शराब बेचने वाले दुकानदारों पर कड़ा एक्शन लिया गया है. विभाग ने शहर की पांच कंपोजिट शराब दुकानों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उनके लाइसेंस आगामी पांच दिनों के लिए सस्पेंड (निलंबित) कर दिए हैं. इसके साथ ही, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और अवैध शराब की बिक्री पर लगाम न लगा पाने के कारण जोधपुर पश्चिम के आबकारी निरीक्षक (इंस्पेक्टर) मनरूपाराम पर भी गाज गिरी है. आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बुधवार रात को ही उन्हें एपीओ कर दिया।

जिला आबकारी अधिकारी आबकारी अधिकारी डॉ. भवानी सिंह राठौड़ ने बताया कि पांच दुकानों से रात आठ बजे बाद शराब बेचने की पुष्टि हुई है. जोधपुर पश्चिम में आखलिया चौराहा पर लाइसेंस धारक रणजीतदान उज्जवल, आखलिया चौराहा से 6 पुलिया पर लाइसेंसधारक भजनलाल, बाबा रामदेव रोड गवारिया बस्ती बस्ती से नट बस्ती दुकान लाइसेंस धारक मुनाराम, मोहनपुरा पुलिया से भाटी चौराहा लाइसेंस धारक सरोज कुमारी और आरटीओ गेट से आरटीओ ऑफिस रोड दुकान लाइसेंसधारक उमराव कंवर का लाइसेंस पांच दिन दिन के लिए निलंबित किया है. उन्होंने बताया कि यह कार्यवाही जारी रहेगी।

निगरानी के लिए बनीं 11 विशेष टीमें:

राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने और निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 11 विशेष दलों का गठन किया है. ये दल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे तथा शराब दुकानों पर आकस्मिक निरीक्षण करेंगे. जिला आबकारी अधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि दुकानों पर विंडो, पीछे के रास्तों और अन्य माध्यमों से होने वाली अवैध बिक्री पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. नियम उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन और अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी. विभाग एक ओर जहां बुधवार रात को कार्यवाही कर रहा था, वहीं दूसरी और शहर के अन्य इलाकों में शराब दुकान की छोटी खिड़की से अवैध बिक्री जारी थी. बुधवार रात को कार्रवाई के दौरान भी कई जगहों पर दुकानों की छोटी खिड़कियों (विंडो) से चुपके-चुपके शराब बेचे जाने के वीडियो सामने आए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button