रूपबास में 82 वर्षीय ‘पेड़ वाले बाबा’ ने किया पौधारोपण, एसडीएम ने की सराहना
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

रूपबास (भरतपुर)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगला पछादरा, तहसील रूपबास निवासी 82 वर्षीय गिरधारी लाल जॉगिड (पेड़ वाले बाबा) ने उपखंड अधिकारी कार्यालय रूपबास में उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार एवं अन्य स्टाफ के साथ पौधारोपण किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार ने गिरधारी लाल जॉगिड के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 82 वर्ष की आयु में भी उनका पौधारोपण के प्रति उत्साह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उनका यह कार्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश देता है।
उपखंड अधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, तापमान नियंत्रित करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से आह्वान किया कि पौधारोपण को जनआंदोलन का रूप दें। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करना भी जरूरी है, ताकि लगाए गए पौधे विकसित होकर विशाल वृक्ष बन सकें।
संदेश: पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली से भरपूर भविष्य बनाएं।




