40 खबरें फटाफटटोंकराजस्थान

एक करोड़ की फिरौती के लिए छात्र का अपहरण, 12 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया , सोहेला के दो आरोपी आशीष व आदित्य गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ प्रिया गौतम

टोंक। पुलिस ने प्रथम वर्ष के छात्र के अपहरण के सनसनीखेज मामले का महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

एसपी टोंक रोशन मीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव के निर्देशन तथा निवाई सीओ रवि प्रकाश शर्मा के निकट सुपरविजन में निवाई थाना पुलिस और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 3 बजे ललवाड़ी मोड़ स्थित किराए के मकान में रहकर प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे महेश पुत्र राजाराम गुर्जर (20) निवासी दहलोद, थाना दतवास का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद आरोपियों ने परिजनों से युवक की रिहाई के बदले एक करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से अपहृत छात्र को सकुशल दस्तयाब कर लिया। मामले में पांच आरोपियों की पहचान करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र रामदयाल मीणा निवासी सोहेला तथा आदित्य काला पुत्र हरिओम चौबदार निवासी सोहेला, थाना बरोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में प्रयुक्त एक अन्य वाहन से कोटपूतली पुलिस ने अवैध हथियार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button