रूपवास नगरपालिका चुनाव 2026: बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण संपन्न, रिटर्निंग अधिकारी दिनेश कुमार ने सभी का जताया आभार
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल
भरतपुर।रूपवास: नगरपालिका निकाय चुनाव 2026 का मतदान सोमवार को बिना किसी बाधा और परेशानी के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चले मतदान में मतदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
रिटर्निंग अधिकारी दिनेश कुमार ने चुनाव कार्य में लगे सभी विभागों और कार्मिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और चुनाव आयोग के समन्वय से मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी रही।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका के 25 वार्डों में कुल 11,893 मतदाताओं में से 10,550 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल मतदान 88.71 प्रतिशत रहा, जो पिछले चुनावों की तुलना में काफी अधिक है और यह मतदाताओं की जागरूकता को दर्शाता है।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि सबसे अधिक मतदान वार्ड नंबर 15 में 96.03 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक बूथ पर पुलिस जवान तैनात थे। मतदाताओं के लिए पानी और छाया की व्यवस्था भी की गई थी। मतदान के दौरान सुरक्षा, पानी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मतदाताओं ने संतोष जताया। वार्ड 10 और 11 के मतदाताओं ने कहा कि उन्हें बिना किसी परेशानी के मतदान करने का अवसर मिला।
दिनेश कुमार ने कहा कि पूरे चुनाव के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सहित अन्य विभागों का विशेष सहयोग रहा। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना या शिकायत की सूचना नहीं मिली।
अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।




