ई-रिक्शा से कुचलने का प्रयास, सरिया से पीटा,आई हाथ-पैर में गंभीर चोटें
संपादक@लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल
भरतपुर। रुदावल: कस्बे क्षेत्र के गांव खेड़ाठाकुर में उधार दिए पैसे और खेतों की जुताई के बकाये की मांग करने पर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज, लोहे के सरिए से मारपीट करने और ई-रिक्शा से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया। रुदावल पुलिस ने बताया कि गांव खेडा ठाकुर निवासी राधेश्याम जाटव पुत्र परसादी ने मामला दर्ज कराया है कि उसने अपने ही गांव के धीरीसिंह जाटव को दिसंबर 2022 में बोरिंग के पाइप खरीदने के लिए 50 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बाद अक्टूबर 2023 में आरोपी ने राधेश्याम के ट्रैक्टर से अपने खेतों की जुताई करवाई, जिसका 22 हजार 695 का बिल बना। कुल 72 हजार 695 की इस राशि को आरोपी धीरीसिंह लंबे समय तक टालमटोल कर दबाए बैठा रहा। शाम को पीड़ित राधेश्याम अपने बेटे दीपक के साथ बाजार जा रहा था। मैरिज होम के पास आरोपी धीरीसिंह अपने ई-रिक्शा के साथ मिला। जब राधेश्याम ने अपने बकाये पैसों का तकाजा किया तो आरोपी आगबबूला हो गया और रुपये लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने ई-रिक्शा से लोहे का सरिया निकालकर हमला कर दिया और हाथ-पैर में गंभीर चोटें पहुंचाई। आरोप है कि धीरीसिंह ने राधेश्याम और उसके बेटे पर जान से मारने की नीयत से अपना ई-रिक्शा चढ़ा दिया, जिससे दोनों ने मुश्किल से अपनी जान बचाई।




