पोखर के पानी की निकासी का रास्ता नहीं पर पहली बारिश से ही पोखर ओवरफ्लो, आधे गांव में भरा पानी, ग्रामीणों के प्रदर्शन पर प्रशासन ने पंप रखवा शुरू करवाई पानी की निकासी
ब्यूरो चीफ@लखमी चन्द बंशीवाल
भरतपुर।रूपवास: उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूंध रूपबास के गांव रामनगर में बनी पोखर का पानी ओवरफ्लो होने से आधे गांव में पानी भर गया। जिस पर ग्रामीणों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंच पंप की सहायता से पानी की निकासी का कार्य शुरू करवा दिया। शनिवार अलसुवह क्षेत्र में तेज बारिश होने पर क्षेत्र के रामनगर गांव की पोखर में भरा पानी ओवरफ्लो होने लगा। जिससे पोखर के निकट मौजूद दर्जनों घरों व रास्तों में पानी भर गया। इतना ही नहीं गांव में मौजूद राजकीय विद्यालय के मुख्य द्वार पर जलभराव हो गया। जिस पर शिक्षकों के साथ विधालय में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को भी भारी समस्या का सामना करना पड़ा।

इस समस्या को देख ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक किसी भी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने समस्या का समाधान करवाए जाने को लेकर भिडयानी गांव स्थित जलदाय विभाग की टंकी पर चढ़ने का प्लान बनाने लगे। इसी प्लान के तहत कुछ महिला व पुरुष टंकी के निकट पहुंच भी गए। लेकिन इसी दौरान विकास अधिकारी काजल शर्मा व तहसीलदार अमित शर्मा के आने पर इन दोनों अधिकारियों ने समझाइश कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। जिस पर सभी लोग वापस गांव में पहुंच गए। जहां ग्रामीणों ने जलभराव से होने वाली समस्या के बारे में इन दोनों अधिकारियों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। जिस पर विकास अधिकारी काजल शर्मा व तहसीलदार अमित शर्मा ने मौके पर मौजूद पटवारी शिवराज व ग्राम विकास अधिकारी भीम सिंह को शीघ्र ही पंप लगा पानी की निकासी करवाने के निर्देश दिए। ग्राम विकास अधिकारी भीम सिंह ने पंपसेट मंगवा पानी की निकासी करवाए जाने का कार्य शुरू करवा दिया।




