भरतपुरराजस्थानरूपबास

विधायक के आश्वासन पर संघर्ष समिति ने स्थगित किया धरना, लव-कुश छात्रावास के लिए 30 लाख की घोषणा

संपादक:लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल

भरतपुर।रूपवास: उपखंड कार्यालय के बाहर कुशवाहा आरक्षण संघर्ष समिति का दो दिवसीय धरना विधायक डॉ. ऋतु बनावत के आश्वासन के बाद शुक्रवार शाम स्थगित हो गया। प्रशासन के साथ पहले और दूसरे दौर की वार्ता विफल होने के बाद विधायक के हस्तक्षेप से मामला सुलझा।

 

कस्बे सहित आसपास के सैकड़ों महिला-पुरुष गुरुवार को प्रदेश कुशवाह आरक्षण संघर्ष समिति के बैनर तले 12 प्रतिशत आरक्षण, लव-कुश छात्रावास और अंबेडकर पार्क के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। गुरुवार को प्रशासन की ओर से कोई पहल न होने पर शुक्रवार को भी धरना जारी रहा।

धरना लंबा खिंचता देख उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीराम कुमावत और वृताधिकारी नीरज भारद्वाज ने संघर्ष समिति को वार्ता के लिए बुलाया। उपखंड कार्यालय में सुबह शुरू हुई पहली दौर की वार्ता करीब आधे घंटे बाद बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।

दोपहर 2:30 बजे तय दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। इसके बाद आंदोलन और तेज होने के आसार बन गए थे।

शाम को विधायक डॉ. ऋतु बनावत धरना स्थल पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से विस्तार से मांगें सुनीं और उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल से चर्चा की। इसके बाद समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की गई।

विधायक ने मौके पर ही संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, समाज कल्याण विभाग के निदेशक और संबंधित मंत्री से फोन पर बात की। अधिकारियों द्वारा बताए गए नियमों के आधार पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वह खुद मंत्री के पास जाकर लव-कुश छात्रावास के लिए भूमि आवंटन का मामला रखेंगी।

साथ ही उन्होंने घोषणा की कि भूमि आवंटित होने पर विधायक निधि से छात्रावास निर्माण के लिए 30 लाख रुपये दिए जाएंगे।

विधायक के इस ठोस आश्वासन के बाद संघर्ष समिति ने धरना स्थगित करने का फैसला लिया।

मौके पर संघर्ष समिति के संयोजक वासुदेव कुशवाह, बदन सिंह, मनोज गौतम, मदन मोहन भंडारी, देवेन्द्र, तोताराम, परसराम, रामदुलारा, सुरेश, गोविंद, राजाराम, रामप्रसाद, परमानंद, रोशन, राजेन्द्र सहित दर्जनों महिला-पुरुष मौजूद रहे।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाधिकारी विनोद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर तैनात रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button