ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे कार्यक्रम में बच्चों को दी गुड टच-बैड टच की जानकारी
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर।रूपवास: राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भरतपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को ‘‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’’ कार्यक्रम के तहत ताल्लुका रूपवास में न्यायिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ताल्लुका विधिक सेवा समिति रूपवास की अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनीता चौधरी ने सर्वोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय रूपवास में तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट रूपवास अंकिता बेनीवाल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रूपवास में विद्यार्थियों को विधिक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शोषण के खिलाफ आवाज उठाने, स्वयं अपने रक्षक बनने तथा अच्छे और बुरे स्पर्श (गुड टच-बैड टच) के बीच अंतर समझकर सुरक्षित रहने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक दुर्व्यवहार, पोक्सो एक्ट तथा बच्चों के अधिकारों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण या दुर्व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने और इसकी जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।




