चैकोरा में प्रस्तावित उप जिला अस्पताल के विरोध में महिलाओं ने निकाली रैली, रूपवास में ही अस्पताल बनाने की मांग
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर।रूपवास: उपखण्ड क्षेत्र की चैकोरा ग्राम पंचायत में प्रस्तावित उप जिला अस्पताल के निर्माण का विरोध करते हुए सिरसोंदा गांव की महिलाओं ने बुधवार को रूपवास कस्बे में रैली निकाली। महिलाओं ने उप जिला अस्पताल को चैकोरा के बजाय रूपवास कस्बे में ही बनाए जाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने कहा कि रूपवास कस्बे में उप जिला अस्पताल होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि रूपवास क्षेत्र के अधिकांश लोगों के लिए कस्बा आवागमन की दृष्टि से सुविधाजनक है, ऐसे में अस्पताल का निर्माण भी रूपवास में ही किया जाना जनहित में उचित रहेगा।
महिलाओं ने प्रशासन से चैकोरा में प्रस्तावित अस्पताल का स्थान बदलकर रूपवास कस्बे में ही उप जिला अस्पताल का निर्माण कराने की मांग की। रैली के दौरान महिलाओं ने अस्पताल रूपवास में ही बनाए जाने को लेकर नारे भी लगाए और प्रशासन से जनहित में उचित निर्णय लेने की मांग की।
महिलाओं का कहना था कि रूपवास कस्बे में उप जिला अस्पताल बनने से मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। महिलाओं ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर रूपवास में ही उप जिला अस्पताल बनवाए जाने की मांग की।




