महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों का संदेश, पुलिस थाना के महिला सुरक्षा केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, घरेलू हिंसा व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर।बयाना: सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च ग्रुप (स्वर्ग) संस्था, भरतपुर की ओर से पुलिस थाना बयाना परिसर स्थित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पर रविवार को महिला सुरक्षा के प्रचार-प्रसार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा घरेलू हिंसा से संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र महिलाओं के आत्मसम्मान की रक्षा और उनके साथ होने वाले अत्याचारों की रोकथाम की दिशा में प्रभावी पहल है। केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को समय पर सहायता और उचित परामर्श मिल रहा है।
महिला सुपरवाइजर उर्मिला दुबे ने बताया कि केंद्र महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है, ताकि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या हिंसा के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठा सकें। विधि काउंसलर अनिता सैन ने महिलाओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा केंद्र की सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी।
स्वर्ग संस्था के बलवीर सिंह ने बताया कि केंद्र पर दोनों पक्षों को परिवार की तरह बैठाकर काउंसलिंग के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाता है। इससे न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि परिवारों को टूटने से भी बचाया जा सकता है।
काउंसलर राधा धाकड़ ने कहा कि घरेलू हिंसा या अन्य पारिवारिक विवाद की स्थिति में महिलाएं सीधे महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यहां उनकी बात गोपनीयता के साथ धैर्यपूर्वक सुनी जाती है और समाधान का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में प्रेम सिंह, कमलेश, पवन सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।




