40 खबरें फटाफटबयानाराजस्थानवैर

बयाना अस्पताल में सांपों के साथ पहुंचे परिजन, महिला का इलाज जारी

अस्पताल कर्मियों ने कट्टे में दोनों सांपों को देखा तो वहां हड़कंप मच गया

भरतपुर/वैर। भरतपुर जिले के बयाना अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब सांप के काटने से घायल महिला को लेकर पहुंचे परिजन दोनों सांपों को भी प्लास्टिक के कट्टे में साथ ले आए। सांपों को देखकर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चिकित्सकों ने तुरंत महिला का उपचार शुरू किया। फिलहाल महिला की हालत ठीक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सिंह निवासी रछुआ, जगनेर (आगरा, उत्तर प्रदेश) ने बताया कि उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार सुबह उनकी बुआ बबीता (48) घर में रखी ईंटों को एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान ईंटों के बीच छिपे दो सांपों ने उनके सीधे हाथ पर काट लिया।

सांप के काटते ही बबीता जोर से चिल्लाईं। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। बबीता ने परिजनों को बताया कि उन्हें सांपों ने काट लिया है। इसके बाद परिजनों ने ईंटों के बीच सांपों की तलाश की। इस दौरान एक सांप को मार दिया गया, जबकि दूसरे सांप को जीवित पकड़ लिया गया। परिजनों ने दोनों सांपों को एक प्लास्टिक के कट्टे में रख लिया।

घटना के बाद परिजन बबीता को पहले जगनेर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें आगरा ले जाने के बजाय बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे। उनके साथ दोनों सांप भी मौजूद थे।

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने डॉक्टरों को पूरी घटना की जानकारी दी। जब अस्पताल कर्मियों ने कट्टे में दोनों सांपों को देखा तो वहां हड़कंप मच गया। इसके बाद चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया।

बताया जा रहा है कि बबीता को काटने वाले सांपों में एक कोबरा और दूसरा धामन था। परिजनों ने कोबरा को मार दिया, जबकि धामन को जीवित पकड़कर अस्पताल तक ले आए। फिलहाल महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button