
भरतपुर।रुदावल: थाना क्षेत्र के अंतर्गत बन्ध बारैठा स्टेशन के पास मंगलवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भवनपुरा निवासी सोहनलाल के रूप में हुई है। रुदावल थाने के एएसआई घनश्याम पोसवाल ने बताया कि गांव भवनपुरा निवासी सोहनलाल (50) पुत्र रामजी जाटव मंगलवार सुबह करीब 8:40 बजे घर से बयाना मजदूरी करने की बात कहकर निकले थे। इसी दौरान बन्ध बारैठा स्टेशन से कुछ दूरी पहले वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि सोहनलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना को लेकर मृतक के पुत्र रिंकू जाटव ने रुदावल थाना पुलिस में मर्ग रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।




