भरतपुरराजस्थानरूपबास
महिला पर खूंखार जानवर ने किया हमला
भरतपुर।रूपवास: क्षेत्र के चक गांव में शौच के लिए घर से बाहर गई एक महिला पर खूंखार जानवर ने हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई। गांव में खूंखार जानवर द्वारा अचानक से किए गए खौफनाक हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार चक गांव निवासी गुड्डी पत्नी जगदीश कुशवाह, शौच के लिए घर से बाहर गई थीं कि तभी खूंखार जानवर द्वारा हमला कर दिया गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचने पर खूंखार जानवर भाग निकला। उक्त हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत उपचार के लिए रूपवास उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में इस खूंखार जानवर द्वारा 2 पशुओं को भी अपना निशाना बनाया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार ग्रामीणों का दावा है कि यह वही लेपर्ड है जो पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी घाटौली और चक सामरी की पहाड़ियों व खनन क्षेत्र में लगातार देखा जा रहा है। उक्त घटना के बाद से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में भारी डर का माहौल है। ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को सूचित कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाकर जानवर को पकड़ने की मांग की गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार वन विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल महिला से घटना की पूरी जानकारी ली गई। वन विभाग का कहना है कि महिला और पशुओं पर आए निशानों और परिस्थितियों के आधार पर हमलावर जानवर के हाइना (जरख) होने की आशंका दिखाई दे रही है। वन विभाग द्वारा रात में अकेले बाहर न निकलने और अत्यंत आवश्यक होने पर समूह में लाठी-डंडे के साथ ही बाहर जाने की सलाह दी गई है।






