
भरतपुर।रूपवास(विष्णु धाकड़): कस्बा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु कुमार ने रुपबास नगरपालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की जांच कराने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल को शिकायती पत्र दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता ने पत्र में लिखा कि रूपवास नगरपालिका क्षेत्र में वर्ष 2024, 2025 और 2026 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगरपालिका द्वारा तमाम अपात्र व्यक्तियों को पैसे लेकर शामिल कर लाभ पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना में नगरपालिका क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों को बहुत कम संख्या में शामिल किया गया है, जबकि अपात्र व्यक्तियों को अधिक संख्या में शामिल किया गया है। नगरपालिका के कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों ने दलालों के माध्यम से दोनों पक्षों से मोटी रकम लेकर यह कार्य किया।
यह योजना सरकार द्वारा उन परिवारों के लिए बनाई गई है जो लंबे समय से झोपड़ियों में जीवन यापन कर रहे हैं और मजदूरी के अलावा जिनका कोई अन्य व्यवसाय नहीं है।
इसलिए ईमानदार अधिकारियों की टीम गठित कर योजना में शामिल सभी लाभार्थियों की पात्रता की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
इस पर उपखंड अधिकारी एवं प्रशासक विष्णु बंसल ने नगरपालिका अधिशासी अधिकारी योगेश पिप्पल को टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए।




