सड़कें खौफनाक: ओवरलोड ट्रकों से लगातार बढ़ता हादसों का खतरा, बेलगाम रफ्तार ने लोगों की जिंदगी मुश्किल में डाली

राजसमंद जिले की सड़कों पर इस समय मार्बल से लदे ट्रक, ट्रेलर और डम्पर जिस तरह से दौड़ रहे हैं, वह किसी भी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है। क्षमता से कई गुना अधिक ओवरलोड ये भारी वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं।
जिला मुख्यालय और आसपास के व्यस्त मार्गों पर दिनभर आवाजाही रहती है, लेकिन इन अवैध ओवरलोड वाहनों की तेज और लापरवाह ड्राइविंग से राहगीरों और छोटे वाहन चालकों की जान मुश्किल में पड़ गई है। कई बार तो ऐसे ट्रकों की हालत इतनी जर्जर होती है कि चलते-चलते इनके नीचे से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है, जो आसपास से गुजर रहे लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि इन भारी वाहनों के कारण सड़कें विशेष रूप से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। सड़क की स्थिति खराब होने से दुर्घटना की संभावना और भी बढ़ जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से इस गंभीर स्थिति पर कोई प्रभावी कदम उठाए नहीं गए हैं। नियमित निरीक्षण न होने तथा सख्त कार्रवाई न करने के कारण ओवरलोड ट्रकों का चलन बढ़ता ही जा रहा है।
यातायात पुलिस के लिए यह चुनौती बनी हुई है कि कैसे इन भारी और ओवरलोड वाहनों की निगरानी की जाए और अनियंत्रित गतिवधियों को रोका जाए। मार्गों पर ट्रकों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क दुर्घटना के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं, जिससे लोगों की जान-माल दोनों का भारी नुकसान हो रहा है।
सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का त्वरित और कड़ा समाधान निकाला जाना आवश्यक है। साथ ही विभागों को चाहिए कि वे सख्त निरीक्षण करे, नियमों का अनुपालन सुनिश्चत करें और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करें, ताकि राजसमंद जिले की सड़कें सुरक्षित बन सकें और किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।




