कोटाब्लॉग

बस में छूटे एक लाख रुपये कुछ घंटों में बरामद, कोटा पुलिस ने लौटाई पीड़ित की रकम

विज्ञान नगर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से संदिग्ध तक पहुंची टीम

कोटा, 1 अक्टूबर 2026। कोटा शहर पुलिस ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए निजी बस में छूटे एक लाख रुपये नकद कुछ ही घंटों में बरामद कर पीड़ित को वापस सौंप दिए। विज्ञान नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई।

बैंक में जमा कराने ले जा रहा था रकम

जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे मोहम्मद असमत तलुकदार, निवासी मधुबनी, बिहार, हाल निवासी ढोड़ी देवी मांझी, कोटा ग्रामीण, थाना विज्ञान नगर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बैंक में जमा कराने के लिए एक लाख रुपये नकद लेकर देवी मांझी से निजी बस में सवार होकर कोटा आए थे।

बस से उतरते समय जल्दबाजी में नोटों का बंडल सीट पर ही छूट गया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से मिली अहम जानकारी

ड्यूटी ऑफिसर ASI रणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित निजी बस की CCTV फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर सीट से रुपये उठाने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद तकनीकी संसाधनों की मदद से उसके मोबाइल नंबर और लाइव लोकेशन की जानकारी जुटाई गई।

लोकेशन भोपतपुरा, जिला बूंदी मिलने के बाद विज्ञान नगर थाना पुलिस की टीम तत्काल वहां रवाना हुई।

पूरी रकम सुरक्षित बरामद

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध तक पहुंच बनाई और पीड़ित के पूरे एक लाख रुपये सुरक्षित बरामद कर लिए। इसके बाद रकम थाने लाकर पीड़ित मोहम्मद असमत तलुकदार को सौंप दी गई।

अपनी मेहनत की पूरी रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने कोटा शहर पुलिस, पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम और विज्ञान नगर थाना पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

यह कार्रवाई आमजन की सहायता और त्वरित पुलिसिंग के प्रति कोटा पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button