40 खबरें फटाफटबयानाभरतपुरराजस्थान

बंध बारैठा में पुलिस चौकी के सामने सड़क पर घूमता दिखा लेपर्ड, राहगीरों में मचा हड़कंप

ब्यूरो चीफ लखमी चन्द

बयाना (भरतपुर)।  उपखंड क्षेत्र के बंध बारैठा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस चौकी के सामने मुख्य सड़क पर एक लेपर्ड (तेंदुआ) घूमता हुआ नजर आया। सड़क पर अचानक वन्यजीव को देखकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

इस दौरान कुछ राहगीरों ने अपने वाहनों की लाइट में लेपर्ड का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंसानी हलचल और वाहनों के शोर के बीच लेपर्ड कुछ देर बाद सड़क से उतरकर घने जंगल की ओर चला गया और देखते ही देखते लोगों की नजरों से ओझल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बंध बारैठा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में लेपर्ड का एक पूरा परिवार निवास करता है। हाल ही में क्षेत्र में हुई वन्यजीव गणना के दौरान यहां कुल छह लेपर्ड पाए गए थे।

वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में लेपर्ड अक्सर भोजन और पानी की तलाश में विचरण करते हुए दिखाई देते हैं। कभी-कभी ये वन्यजीव भटककर मुख्य सड़क तक भी पहुंच जाते हैं। ऐसे में वन क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि बंध बारैठा का जंगल वन्यजीवों के लिए अनुकूल क्षेत्र माना जाता है। कुछ समय पूर्व मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से भटककर आया एक चीता भी कई दिनों तक बंध बारैठा के जंगलों में रहा था। बाद में वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस कूनो भेजा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button