रूपवास में एसबीआई शाखा के मुख्य द्वार का छज्जा गिरा, शाखा प्रबंधक की कार क्षतिग्रस्त
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

रूपवास (भरतपुर)। कस्बे के स्टेशन मार्ग स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के मुख्य द्वार की दीवार का छज्जा रविवार को तेज बारिश के दौरान अचानक ढह गया। छज्जा गिरने से निकट के रास्ते पर खड़ी शाखा प्रबंधक की कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि रविवार का अवकाश होने के कारण बैंक बंद था और मौके पर ग्राहकों व कर्मचारियों की आवाजाही नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
शाखा प्रबंधक सलीम खान ने बताया कि शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद रविवार को भी क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान अचानक बैंक के मुख्य द्वार के ऊपर बना छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा। छज्जे के गिरने से उसका मलबा मुख्य द्वार के साथ ही निकट स्थित लालमहल मार्ग पर खड़ी शाखा प्रबंधक की कार पर जा गिरा, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि मुख्य द्वार के छज्जे का कुछ हिस्सा अभी भी अधर में लटका हुआ है, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए शाखा प्रबंधक ने तत्काल मुख्य द्वार से आवागमन बंद करवा दिया है। साथ ही बैंक में आने-जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। यदि यह छज्जा बैंक के कार्य दिवस के दौरान गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। रविवार को बैंक का अवकाश होने के कारण मौके पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिसके चलते किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त मुख्य द्वार को बंद करवा दिया है। वहीं अधर में लटके छज्जे के हिस्से को लेकर भी सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बारिश के कारण बैंक भवन के मुख्य द्वार की संरचना कमजोर होने की आशंका के चलते मौके पर सावधानी बरती जा रही है।
बैंक प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि जब तक मुख्य द्वार को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक बंद किए गए हिस्से के आसपास अनावश्यक रूप से आवागमन न करें।




