मेवात के नूंह-फिरोजपुर झिरका में अमन कमेटी ने किया बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा का स्वागत, फूल-मालाओं व जलपान की रही व्यवस्था
ब्यूरो चीफ मोहम्मद कासिम

खैरथल-तिजारा। अरावली की तलहटी में स्थित ऐतिहासिक झिरकेश्वर शिव मंदिर में सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर आयोजित बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर नूंह जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चप्पे-चप्पे पर पैनी निगरानी रखी गई तथा यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।
झिर रोड पर अमन कमेटी द्वारा यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाई गईं और जलपान की व्यवस्था भी की गई। अमन कमेटी के सदस्यों ने आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति का संदेश दिया।
पूर्व नगरपालिका प्रधान श्री अर्जुन देव चावला ने कहा कि क्षेत्र में दोनों समुदायों के बीच वर्षों से मजबूत भाईचारा कायम है। यहां गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि अमन कमेटी द्वारा दिया गया सौहार्द और शांति का संदेश पूरे देश में पहुंचना चाहिए। बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से निकाली गई।
इस अवसर पर चौधरी आजाद मोहम्मद, पूर्व मंत्री हरियाणा सरकार एवं पूर्व नगरपालिका प्रधान, अर्जुन देव चावला, राजकुमार चूटानी, पूर्व पार्षद, महिला मोर्चा की गोल्डी शर्मा, मास्टर जाकिर पटपड़बास, मास्टर जाकिर नसीरबास सहित शहर, ढोड क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, युवा साथी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।




