पालीराजस्थान

नाले पर बनी पुलिया अचानक ढहने से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बची

स्थानीय लोगों ने की जल्द मरम्मत की मांग

पाली (राजस्थान) शहर के रामदेव रोड क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां रामदेव रोड पुलिस चौकी के ठीक सामने नाले पर बनी एक छोटी पुलिया का हिस्सा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। पुलिया टूटने के वक्त उसके ऊपर से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी, जो पुलिया धंसने के कारण असंतुलित होकर एक तरफ हवा में झुक गई।

बाल-बाल बचे लोग, क्रेन से हटाई गई ट्रॉली: 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिया का हिस्सा अचानक बैठ जाने से ट्रैक्टर-ट्रॉली का बैलेंस पूरी तरह बिगड़ गया और उसमें भरी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। गनीमत यह रही कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पूरी तरह नीचे नाले में नहीं पलटी, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में मुस्तैदी दिखाते हुए क्रेन को मौके पर बुलाया गया और उसकी सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को नाले से सुरक्षित बाहर निकालकर साइड करवाया गया।

स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान को खतरा:

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस छोटी पुलिया से रोजाना रामदेव रोड क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि पुलिया के ठीक पास में ही एक निजी स्कूल संचालित है, जिसके कारण सुबह और दोपहर के समय बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे इसी क्षतिग्रस्त रास्ते से होकर आते-जाते हैं। ऐसे में टूटी हुई पुलिया कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।

प्रशासन से नया पुलिया निर्माण कराने की मांग:

इस हादसे के बाद क्षेत्र के नागरिकों में नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। स्थानीय निवासी जितेंद्र सोनी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पुरजोर मांग की है कि इस टूटी हुई पुलिया की सुध ली जाए और यहां जल्द से जल्द नई व मजबूत पुलिया का निर्माण करवाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवाजाही की राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button