गौशाला भूमि आवंटन को लेकर लगातार दूसरे शनिवार सुंदरकांड के माध्यम से लगाई अर्जी

पुलिस दर्पण राजस्थान/ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल
रूपबास (भरतपुर)। श्रीमद्भागवत कथा पांडाल, चिंताहरण हनुमान जी मंदिर परिसर में शनिवार को बदलाव की आवाज टीम रूपबास की ओर से गौशाला भूमि आवंटन की मांग को लेकर लगातार दूसरे शनिवार सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सुंदरकांड के माध्यम से हनुमान जी महाराज के चरणों में गौशाला भूमि आवंटन की अर्जी लगाई गई तथा लोगों से इस मुहिम में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
टीम की ओर से रूपबासवासियों एवं भक्तगणों से अपील की गई कि वे सामूहिक रूप से इस अभियान से जुड़ें, ताकि वर्ष 2026 में ही रूपबास में गौशाला के लिए भूमि आवंटित हो सके और गौमाता को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
टीम सदस्य मयंक शर्मा ने कहा कि यह मुहिम केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि गौमाता के सम्मान और सुरक्षित आश्रय के लिए लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों और खुले स्थानों पर घूमने वाली गौमाता को दुर्घटना, बीमारी और मौसम की मार जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में व्यवस्थित गौशाला उनकी सुरक्षा, उपचार, चारा-पानी और सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी के विरोध में नहीं, बल्कि गौमाता के लिए सुरक्षित घर की मांग को लेकर है। जब तक भूमि आवंटित नहीं होती, तब तक यह आवाज जारी रहेगी। उन्होंने जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और धर्मप्रेमियों से इस पुण्य कार्य में एकजुट होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महंत केदार कटारा जी, दिवाकर सोनी, मयंक, संतोष शर्मा, अंकित शर्मा, अंकित गोले, लक्ष्मीकांत ओझा, उमाकांत योगी, रवि जांगिड़, मोहित शर्मा, कन्हैया, मामा, मोहित प्रजापत सहित अनेक भक्तगण मौजूद रहे।




