40 खबरें फटाफटटोंकराजस्थान

त्यौहार भाईचारे, सौहार्द एवं खुशी के साथ मनाएं- एडीएम विनोद कुमार मीना 

ब्यूरो चीफ प्रिया गौतम

टोंक । आगामी दिनों में तेजादशमी, जलझूलनी एकादशी (डोल ग्यारस) एवं अनंत चतुर्दर्शी के त्यौहारों को देखते हुए मेलां के आयोजन, विभिन्न समाजों के डोल एवं गणेश विसर्जन की यात्रा कार्यक्रम, कानून एवं शांति व्यवस्था की दृष्टि से शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद ने कहा कि सभी लोग त्यौहार भाईचारे, सौहार्द एवं खुशी के साथ मनाएं। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट को यात्रा के मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नगर परिषद को सड़कों के गढ्ढों को भरने, डोल एवं गणेश विसर्जन की यात्रा के मार्ग में आने वाले पेड़ों की छटाई करने तथा फायर बिग्रेड की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

एडीएम टोंक विनोद ने पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा को कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य-मुख्य स्थानों पर पुलिस जाब्ता मुस्तैद रहें। एसडीआरएफ की टीमों का गठन कर नाव व गोताखोरों को चतुर्भुज तालाब पर तैनात रखा जाएं। मेला स्थल पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने सीएमएचओ को मेडिकल टीम एवं एम्बूलेंस की ड्यूटी लगाने के लिए निर्देशित किया साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को विद्युत के ढीले तारों को कसने एवं जांचने के निर्देश दिए।

बैठक में मोहन लाल गुर्जर ने कहा कि मेलों के आयोजन को लेकर नियुक्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान हो सके। पूर्व पार्षद अशोक बैरवा ने कहा कि बाबरों के चौक का क्षतिग्रस्त मार्ग को नगर परिषद शीघ्र दुरुस्त कराए। साथ ही, तालाब के आसपास लाईटिंग की उचित व्यवस्था रहे। पंडित पवन सागर ने चतुर्भुज तालाब की साफ-सफाई कराने की बात कही। रोहिताश कुमावत ने कहा कि यात्रा को सुचारु रुप से बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता पर्याप्त मात्रा में रहें। बैठक में तहसीलदार टोंक अजीतपाल सिंह, सीआई कोतवाली भंवर लाल वैष्णव, एएसआई टैफिक भैरुलाल, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता आरडी मीना, आनन्द सोनी, पुरषोत्तम महावर, पवन कुमार महावर, रविन्द्र कुमार खंगार, तुलसीराम, हरिसिंह, ग्यारसीलाल, दामोदर प्रसाद, चन्द्रशेखर बैरवा एवं सुभाष चावला सहित कार्यक्रम आयोजन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button