करोड़ों की लागत से बना अम्बेडकर भवन बना आवारा पशुओं का बसेरा, देखरेख के अभाव में बदहाल
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल

भरतपुर। रूपवास:नगर पालिका क्षेत्र के गौरव पथ के किनारे स्थित अम्बेडकर भवन इन दिनों देखरेख के अभाव में बदहाली का शिकार है। भवन परिसर में आवारा पशुओं का बसेरा नजर आ रहा है, वहीं गंदगी और झाड़ियों ने भी अपना डेरा जमा लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह भवन नगर पालिका मुख्यालय से ज्यादा दूर नहीं, बल्कि मोक्षधाम के पास स्थित है। इस रास्ते से लोगों का दिनभर आवागमन रहता है, इसके बावजूद भवन की बदहाल स्थिति पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है।
देखरेख और साफ-सफाई के अभाव में भवन धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होने की कगार पर पहुंच गया है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस भवन की वर्तमान हालत देखकर लोग भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाए गए भवन की सुध कब ली जाएगी।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से भवन की साफ-सफाई, मरम्मत और नियमित देखरेख करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो सरकारी धन से बनाया गया यह भवन पूरी तरह जर्जर हो सकता है।




