उप जिला अस्पताल कस्बे से पांच किलोमीटर दूर बनवाए जाने का विरोध, धरना प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन
ब्यूरो चीफ लखमी चन्द बंशीवाल
भरतपुर।रूपवास: कस्बे के दर्जनों लोगों ने धीरज शुक्ला के नेतृत्व में उप जिला अस्पताल पांच किलोमीटर दूर बनवाए जाने के विरोध में धरना प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन दिया। बुधवार को कस्बे के दर्जनों लोग उपखण्ड कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। इन लोगों ने उपखण्ड कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन दिया। कस्बे के लोगों ने दिए ज्ञापन में लिखा कि नगर पालिका रूपवास में पचासों वर्ष से जिस स्थान पर अस्पताल संचालित है वह अत्यंत सहज व सुविधाजनक स्थान पर है। रेलवे स्टेशन से मात्र 150 मीटर की दूरी पर है। जहाँ कस्बा एवं आसपास के पचासों गांव के बीमार, बुजुर्ग, महिला एवं बच्चे आसानी से पहुंचते हैं। परंतु अब उप जिला अस्पताल के नाम पर यहां से लगभग 5 किलोमीटर, नेशनल हाइवे 123 से लगभग 3 किलोमीटर दूर चेकोरा के नगला देवीया में खसरा नंबर 1008 व 1010 में निर्माण करना प्रस्तावित किया है। जिसके कारण नगर पालिका रूपबास व आस-पास के पचासों गांवो की जनता में रोष व्याप्त है। उक्त भूमि नेशनल हाइवे 123 से लगभग 3 किलोमीटर, वर्तमान अस्पताल से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर है। नगरपालिका के सिरसोंदा से लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर है एवं नगरपालिका क्षेत्र के चारों ओर के ग्राम देहात से तो 10-15 किलोमीटर की दूरी पर है। उक्त स्थान के लिए आवागमन का कोई साधन न तो वर्तमान में है ना भविष्य में होने की संभावना है। उक्त स्थान को चंद राजनीतिक भूमाफियाओं ने निजी स्वार्थ में आवंटित कराया है। जबकि नगर पालिका क्षेत्र व नेशनल हाइवे के आस पास काफी सरकारी भूमि है। जिन पर अतिक्रमण हो रहा है एवं प्रशासन होने दे रहा है।




